Advertisement

जनकपुरधाम में धूमधाम से मनाई गई गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती

-जनकपुरधाम में धूमधाम से मनाई गई गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती

-नौ दिवसीय रामायण नवाह की पूर्णाहुति, शोभायात्रा में उमड़े साधु-संत और श्रद्धालु

जनकपुरधाम। गोस्वामी तुलसीदास जी की 696वीं जयंती तुलसी स्मारक जनकपुरधाम में धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय रामायण नवाह का पूर्णाहुति कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में साधु-संतों और विद्वानों ने गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन, साहित्य और दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
जयंती के अवसर पर दोपहर तीन बजे तुलसीदास जी की प्रतिमा को रथ पर आकर्षक ढंग से सजाया गया। इसके बाद बाजे-गाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। रामानंदी वैष्णव संघ के अध्यक्ष एवं जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में सैकड़ों साधु-संत, महंत और श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयघोष के साथ शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।


शोभायात्रा के बाद तुलसी स्मारक परिसर में वृहद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें साधु-संतों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और अन्य लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान जनकपुरधाम का माहौल भक्तिमय बना रहा।
गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती अग्निकुंड, बिहार कुंड, झूलन कुंज सहित जनकपुरधाम के विभिन्न मठ-मंदिरों में भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने तुलसीदास जी के जीवन और उनकी रचनाओं से मिलने वाले संदेशों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।