-डीलर पुत्र को गन पॉइन्ट पर अगवा कर लुटा,घर में बन्द कर मारपीट कर किया बेहोश
-सैदपुर से पुलिस ने बरामद कर परिजनों को सौंपा
-समस्तीपुर सदर अस्पताल में कराया गया इलाज
-चकमेहशी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक ।
हत्था थाना क्षेत्र के मेघ रतवारा निवासी जविप्र डीलर सुनील कुमार मल्लिक के पुत्र
मोहित कुमार(26) के अगवा करने से संबंधित मामला सामने आया है। इस घटनाक्रम में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अगवा युवक को पड़ोसी जिला क्षेत्र सैदपुर से बरामद करने के साथ ही इस घटनाक्रम में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अगवा किए गए पीड़ित युवक राजद झुग्गी- झोपड़ी प्रकोष्ठ के बिहार प्रदेश प्रवक्ता सह संगठन प्रभारी अनिल कुमार मल्लिक का भतीजा बताया गया है।घटनाक्रम को लेकर पड़ोसी समस्तीपुर जिले के चकमेहशी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें पीड़ित पिता सुनील कुमार मल्लिक ने कहा है कि वह पेशे से जन वितरण प्रणाली के विक्रेता तथा ग्राम- मेघ रतवारा, थाना- पिअर, जिला मुजफ्फरपुर का स्थाई निवासी हैं। घटना के दिन उनका पुत्र अपने कार्य हेतु घर से सुबह करीब साढ़े 8 बजे ढोली बाजार के लिए निकाला था। दिन के करीब साढ़े 11 बजे उन्हें सूचना मिली कि आपके पुत्र को कुछ अज्ञात अपराधीयो द्वारा अगवा कर लिया गया है। इसके पश्चात उन्होंने तुरंत हत्था थाना को इसकी सूचना दी।तभी पता चला कि चकमहेशी थाना पर उनके पुत्र घायल अवस्था में है। जिसके बाद घायल स्थिति में चकमेहशी थाना से पीड़ित बेटे को लेकर वे सदर अस्पताल, समस्तीपुर में भर्ती कराया। इलाज के दौरान पीड़ित युवक(बेटे) ने बताया कि जब वह घर के लिए वापस आ रहा था।तभी बूढ़ी गंडक नदी के रैनी-ढोली घाट पर मौजूद नामित बदमाशों के द्वारा घाट पर गन पॉइंट पर रोककर मारपीट की गई तथा मोटरसाइकिल पर बैठा लिया गया। इस दौरान मोबाइल, पर्स,नगद 5000 एवं सोने का चैन तथा सोने की अंगूठी आदि भी छीन लिया गया। जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये है। यहां से उसे बाइक से लाकर सैदपुर में एक घर में बंद कर रखा गया एवं उसे अर्धनग्न कर पिस्टल के कुन्दे, लोहे की रड आदि से मारा पीटा गया। इस दौरान वह बेहोश हो गया । मामले में अभिषेक कुमार,संदीप मलिक, सुरेश मलिक, मुंशी मलिक तीनों ग्राम सैदपुर हाट थाना- चकमहेशी, जिला समस्तीपुर एवं प्रेम पासवान,ग्राम-शंकरपुर सकरी,थाना-हत्था,अंशु कुमार ग्राम महेशपुर, रितेश कुमार उर्फ प्रिंस,ग्राम- शंकरपुर, थाना- हत्था एवं अन्य अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पीड़ित के चाचा राजद नेता अनिल मल्लिक ने बताया कि चकमहेशी थाना द्वारा मामले में दो अपराधी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। दो बाइक भी बरामद किए गए हैं।इधर घटनाक्रम को लेकर हत्था थाना के अध्यक्ष शशि रंजन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद हत्था, सकरा तथा चकमेहशी थाने की पुलिस के द्वारा त्वरित और सहयोगपूर्ण तरीके से सन्युक्त कार्यवाई की गई।सैदपुर से पीड़ित युवक को बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया गया।घटनाक्रम की प्राथमिकी चकमेहशी थाना में दर्ज की गई है। मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जल भेज दिया गया है।पुलिस आवश्यक कार्यवाई में लगी है।
















