Advertisement

संदेहास्पद स्थिति में वनरक्षी का पंखा से लटका मिला शव,परिजन ने हत्या का लगाया आरोप

-जमुई से मो.अंजुम आलम की रिपोर्ट

– संदेहास्पद स्थिति में वनरक्षी का पंखा से लटका मिला शव,परिजन ने हत्या का लगाया आरोप
–वन विभाग कार्यालय परिसर स्थित आवास पर हुआ हादसा
–छह माह से लक्ष्मीपुर वन विभाग में था पदस्थापित

जमूई के मलयपुर वनक्षेत्र के लक्ष्मीपुर कोहबरवा वन परिसर के सरकारी आवास में एक वनरक्षी का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया। जिससे वन विभाग कार्यालय परिसर में दहशत फैल गई। उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जमुई एसडीपीओ डॉक्टर राकेश कुमार,लक्ष्मीपुर थानाध्यक्ष राजबर्धन कुमार के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। घटना की जांच करते हुए शव को फंदे से उतारा गया और कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतक वनरक्षी कि पहचान बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत केसावे गांव निवासी उपेंद्र महतो के पुत्र कन्हैया कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मृतक लक्ष्मीपुर वन विभाग में 6 महीने से वनरक्षी के पद पर कार्यरत था। बुधवार की सुबह अचानक उनके कमरे में पंखा से झूलता हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है।

मृतक के पिता ने बताया कि सबकुछ ठीक-ठाक था किसी से कोई विवाद भी नहीं हुआ था। उनके पुत्र की किसी ने हत्या कर शव को पंखे से लटका दिया है। शव देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उसने आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया है। हालांकि पुलिस घरेलू विवाद में वनरक्षी के आत्महत्या करने की बात कह रही है। घटना के सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल करने की बात कह रही है लेकिन परिजन इसे हत्या करार दे रहे हैं। परिजन के द्वारा आवेदन देने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं वनरक्षी की मौत के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजन का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। मृतक वनरक्षी परिवार का इकलौता पुत्र था।