-रामबाग चौक पर प्रेमिका को बीच सड़क उतारकर फरार हुआ युवक
-दुकानदारों ने चंदा जुटाकर घर भेजा
मुजफ्फरपुर। शहर के रामबाग चौक पर शुक्रवार को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया। ई-रिक्शा से जा रहे प्रेमी-प्रेमिका के बीच मोबाइल कॉल को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि युवक ने कथित तौर पर युवती को रामबाग चौक के पास बीच रास्ते में उतार दिया और ई-रिक्शा लेकर फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना के बाद युवती सड़क किनारे रोने लगी।
युवती ने स्थानीय लोगों को बताया कि वह युवक के साथ ई-रिक्शा से बीएमपी-06 की ओर जा रही थी। इसी दौरान युवक के मोबाइल पर किसी अन्य लड़की का फोन आया। युवती ने जब फोन करने वाली के बारे में पूछा तो युवक नाराज हो गया। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर युवक ने युवती को रास्ते में ही छोड़ दिया और खुद ई-रिक्शा लेकर चला गया। युवती ने बताया कि वह जल्दबाजी में घर से निकली थी और अपना पर्स व पैसे लाना भूल गई थी। इस कारण उसके पास घर लौटने के लिए किराया भी नहीं था। वह करीब आधे घंटे तक चौक पर परेशान होकर मदद की आस में खड़ी रही।
युवती की परेशानी देखकर आसपास के दुकानदार और राहगीर उसके पास पहुंचे। पूरी बात जानने के बाद स्थानीय दुकानदारों ने आपस में चंदा जुटाकर 40 रुपये जमा किए। इसके बाद एक रिक्शे का किराया देकर युवती को सुरक्षित बीएमपी-06 की ओर रवाना किया।
स्थानीय दुकानदारों की इस मानवीय पहल की सराहना हो रही है। घटना ने मुश्किल समय में जरूरतमंदों की मदद करने की अहमियत को भी सामने रखा।











