-स्कॉर्पियो में आग लगाने और चालक की पिटाई मामले में दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई प्राथमिकी
मुजफ्फरपुर। सदर थाना क्षेत्र के मधुबनी फोरलेन स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के समीप हुए भीषण सड़क हादसे के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दुर्घटना में बाइक सवार अगरबत्ती कारोबारी अशोक कुमार की मौत और स्कॉर्पियो में आग लगाए जाने के मामले में अब दूसरे पक्ष की ओर से भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मझौली खेतल निवासी स्कॉर्पियो मालिक के पिता सुनील कुमार के लिखित आवेदन पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, सुनील कुमार का पुत्र नैतिक कुमार 21 अक्टूबर की रात स्कॉर्पियो से मड़वन स्थित अपनी मौसी के घर जा रहा था। रात करीब 11:30 बजे मादापुर चौबे के पास कथित तौर पर रॉन्ग साइड से डिवाइडर पार कर एक बाइक स्कॉर्पियो के सामने आ गई। इसके बाद दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि हादसे के बाद उग्र भीड़ ने स्कॉर्पियो चालक नैतिक कुमार की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद स्कॉर्पियो में आग लगा दी गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल नैतिक को एसकेएमसीएच ले गई। हालत गंभीर होने के कारण बाद में परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वह वेंटिलेटर पर है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
गौरतलब है कि इसी दुर्घटना में बाइक सवार मधुबनी निवासी अगरबत्ती कारोबारी अशोक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई थी। घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने एनएच जाम कर विरोध जताया था। ग्रामीणों का कहना था कि संबंधित स्थान पर अंडरपास नहीं होने के कारण वहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। हादसे के बाद पुलिस ने अशोक कुमार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया था।
अब दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। दुर्घटना के कारणों, चालक की पिटाई और वाहन में आग लगाए जाने से जुड़े आरोपों की पड़ताल की जा रही है।











