Advertisement

165 लीटर शराब और बीयर बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

-165 लीटर शराब और बीयर बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

-मनियारी में पुलिस की कार्रवाई, मोटरसाइकिल और स्कूटी जब्त

मुजफ्फरपुर: जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 129 लीटर विदेशी शराब और 36 लीटर बीयर बरामद की है। शुक्रवार की देर रात फुलवरिया गांव के समीप गुप्त सूचना और रात्रि गश्ती के आधार पर चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि दोपहिया वाहनों से अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कुल 129 लीटर ऑफिसर च्वाइस विदेशी शराब और 36 लीटर बीयर बरामद की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब की खेप को आसपास के इलाकों में पहुंचाने की कथित योजना विफल हो गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के केरमा गांव निवासी त्रिलोक कुमार, पिता लक्ष्मी साह, और वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के बिलनपुरा गांव निवासी रामप्रवेश सहनी, पिता लालू सहनी, के रूप में हुई है।

मनियारी थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि पुलिस अधिकारी निलमनी कुमार गुप्ता के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।