-शिक्षक के बंद घर में चोरी, 25 हजार नकद और जेवरात ले उड़े चोर
मुजफ्फरपुर: जिले के सदर थाना क्षेत्र के मझौलिया इलाके में चोरों ने एक शिक्षक के बंद घर को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल समेत अन्य सामान चोरी कर लिए। चोरों ने घर के वाशरूम और किचन में लगे नलों को भी उखाड़ लिया। घटना को लेकर पीड़ित गृहस्वामी सह शिक्षक मो. मुस्तकीम ने अज्ञात चोरों के खिलाफ सदर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शिक्षक मो. मुस्तकीम ने पुलिस को बताया कि वह बीते 19 अक्टूबर को अपने पूरे परिवार के साथ मुशहरी थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव गंगापुर गए थे। इसके बाद 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह परिवार के साथ मझौलिया स्थित अपने घर लौटे, तो अंदर के कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। घर में प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने कमरे में रखी गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान चोरी कर लिए हैं।

शिक्षक के अनुसार, चोर अलमारी से 25 हजार रुपये नकद, सोने की एक जोड़ी कान की झुमकी, सोने की एक अंगूठी और एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। चोरों ने घर के सामान को भी अस्त-व्यस्त कर दिया था। इसके अलावा वाशरूम और किचन में लगे नलों को भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सदर थाने की पुलिस प्राथमिकी के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।












