Advertisement

अहियापुर में सीमेंट लोड ट्रक में लगी भीषण आग, चालक गंभीर रूप से झुलसा

-अहियापुर में सीमेंट लोड ट्रक में लगी भीषण आग, चालक गंभीर रूप से झुलसा

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के संगम घाट पुल के समीप शुक्रवार की देर शाम एनएच किनारे खड़ी सीमेंट लोड ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से ट्रक का चालक गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। इस घटना में ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया।

स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे पश्चिम बंगाल नंबर की ट्रक से अचानक आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। उस समय चालक ट्रक के केबिन में सो रहा था। आग तेजी से फैलते हुए केबिन तक पहुंच गई। आसपास के दुकानदारों ने शोर मचाकर चालक को जगाया। नींद खुलने के बाद चालक ने केबिन से बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन आग की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया। दुकानदारों ने सबमर्सेबल की मदद से आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग की लपटें लगातार तेज होती जा रही थीं।

घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थानाध्यक्ष शरत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक यातायात भी प्रभावित रहा।

पुलिस के अनुसार, ट्रक में आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी गड़बड़ी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रक के कागजात के आधार पर उसके मालिक से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।