Advertisement

मोतिहारी वार्ड 26 में सड़क-नाला निर्माण को लेकर प्रदर्शन, 85 दिन बाद भी काम अधूरा

-मोतिहारी वार्ड 26 में सड़क-नाला निर्माण को लेकर प्रदर्शन, 85 दिन बाद भी काम अधूरा

मोतिहारी। राजन द्विवेदी। नगर निगम के वार्ड 26 स्थित चांदमारी मोहल्ले में जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम पर लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के आदेश के बावजूद सड़क और नाला निर्माण का काम शुरू नहीं कराने का आरोप लगाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शंभू श्रीवास्तव के घर से निखिल किशोर श्रीवास्तव के घर होते हुए पोखरा तक जाने वाली सड़क लंबे समय से बदहाल है। बारिश के दौरान सड़क पर गंदा पानी और कीचड़ जमा हो जाता है। कई जगह सड़क टूट चुकी है। लोगों को नाले के स्लैब पर जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी हो रही है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे निखिल किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि समस्या को लेकर वार्ड पार्षद और महापौर से शिकायत की गई, लेकिन संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के समक्ष परिवाद दायर किया।


स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवाद संख्या 9999901180326610888 में 10 जून 2026 को नगर निगम को 60 दिनों के भीतर एस्टीमेट तैयार कर सड़क और नाला निर्माण पूरा कराने का आदेश दिया गया था। लोगों का आरोप है कि आदेश के बाद करीब 85 दिन बीत जाने के बावजूद धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने आदेश के अनुपालन की स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।
मोहल्लेवासियों ने इसी सड़क के पूर्व में हुए निर्माण कार्य पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2021-22 में करीब 33 लाख रुपये की योजना से सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन कुछ ही समय बाद सड़क टूटने लगी। लोगों ने उक्त योजना से संबंधित एस्टीमेट, वर्क ऑर्डर, एमबी बुक, मटीरियल टेस्ट रिपोर्ट और भुगतान का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता युग राज ने कहा कि वार्ड 26 में पिछले तीन वर्षों के विकास कार्यों और आवास योजना के लाभार्थियों से संबंधित जानकारी आरटीआई के माध्यम से मांगी गई है, लेकिन पूरी जानकारी नहीं मिल रही है। उन्होंने पारदर्शिता के लिए संबंधित सभी अभिलेख उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द सड़क और नाला निर्माण शुरू नहीं कराया गया तो नगर निगम के समक्ष शांतिपूर्ण धरना दिया जाएगा।
प्रदर्शन में सीताराम बैठा, पप्पू श्रीवास्तव, टिंकू श्रीवास्तव, पूर्व मेयर प्रत्याशी रंजीत गिरी, मुकुल श्रीवास्तव, राहुल वर्मा, चंदन श्रीवास्तव, राजीव रंजन, राजन श्रीवास्तव, आर्यन कुमार, अमरेश झा, रजनी पांडे, प्रीति लता और वीणा व्यास समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।