Advertisement

मधुबन में पुलिस टीम पर हमला, 11 गिरफ्तार; 7,875 लीटर अंग्रेजी शराब और 7 बाइक जब्त

-मधुबन में पुलिस टीम पर हमला, 11 गिरफ्तार; 7,875 लीटर अंग्रेजी शराब और 7 बाइक जब्त

मोतिहारी। राजन द्विवेदी। पूर्वी चंपारण के मधुबन थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 7,875 लीटर अंग्रेजी शराब, सात मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मधुबन थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के ग्राम लाही में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुअनि ब्रजभूषण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने शराब बरामद करते हुए आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की।


इसी दौरान स्थानीय असामाजिक तत्वों और कथित शराब तस्करों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों को छुड़ाने का प्रयास किया गया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय, पुअनि ओमप्रकाश कुमार गुप्ता और पुअनि दिनेश कुमार सिंह के नेतृत्व में अतिरिक्त बल ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं समेत कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के अलावा सात बाइक और एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया।
पुलिस ने मामले में मधुबन थाना में कांड संख्या 308/26 दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ ही शराब तस्करी के नेटवर्क और पुलिस टीम के साथ हुई घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।