-भवन निर्माण के नए नियम लागू, अब पांच साल तक ही मान्य होगा नक्शा
-10 साल बाद होगा निरस्त
मुजफ्फरपुर। शहर में भवन निर्माण को लेकर नए बिल्डिंग बायलाज लागू किए गए हैं। इसके तहत अब भवन निर्माण के नक्शे की स्वीकृति पांच साल के लिए ही मान्य होगी। निर्धारित अवधि में निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर शुल्क जमा कर अगले पांच साल के लिए अवधि बढ़ाई जा सकेगी। हालांकि, दस साल के भीतर भी निर्माण पूरा नहीं होने पर नक्शे की स्वीकृति निरस्त कर दी जाएगी। नए नियमों में भवन निर्माण की समय सीमा के साथ तकनीकी जांच और निगरानी को भी अनिवार्य बनाया गया है।
नए बायलाज के तहत भवनों को निम्न, मध्यम और उच्च जोखिम की तीन श्रेणियों में बांटा गया है। निम्न जोखिम वाले भवनों के लिए स्वप्रमाणन की व्यवस्था होगी। मध्यम जोखिम वाले भवनों की स्वीकृति ऑनलाइन प्रणाली अथवा पैनलबद्ध वास्तुविद या तकनीकी व्यक्ति के माध्यम से होगी। वहीं, उच्च जोखिम वाले भवनों के नक्शे की स्वीकृति नगर निगम की ओर से दी जाएगी।
उच्च जोखिम वाले भवनों के नक्शे को अधिकतम 30 दिनों में स्वीकृत करना होगा। आवेदन मिलने के 15 दिनों के भीतर सभी आपत्तियां एक ही पत्र में आवेदक को बतानी होंगी। इसके बाद आवेदक को जवाब देने के लिए सात दिन मिलेंगे। शेष सात दिनों में प्राधिकार को स्वीकृति देनी होगी। निर्धारित समय में प्राधिकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर नक्शे को स्वतः अनुमोदित माना जाएगा।

नए नियमों के तहत निर्माण कार्य शुरू करने से पहले मिट्टी की जांच और कंक्रीट सहित अन्य निर्माण सामग्री का क्यूब टेस्ट कराना अनिवार्य होगा। यह जांच तकनीकी अभियंता, अधिकृत मिट्टी जांच प्रयोगशाला, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज की लैब अथवा नगर विकास विभाग से मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में कराई जा सकेगी।
निर्माण स्थल के मुख्य गेट पर स्वीकृत नक्शे की प्रति, मिट्टी जांच और क्यूब टेस्ट की रिपोर्ट के साथ डेवलपर एवं साइट पर्यवेक्षक का नाम और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करना होगा। नए प्रावधानों के तहत निर्माण स्थल पर कभी भी पहुंचकर जांच की जा सकेगी, ताकि स्वीकृत नक्शे के अनुरूप निर्माण कार्य सुनिश्चित किया जा सके।
नए बिल्डिंग बायलाज में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान किया गया है। वास्तुविद, अभियंता, नगर नियोजक या अग्नि परामर्शदाता की ओर से गलत जानकारी देने अथवा नियमों का उल्लंघन करने पर उन्हें डिबार या ब्लैकलिस्ट किया जा सकेगा। साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा।
वहीं, निम्न और मध्यम जोखिम वाले भवनों का पूर्णता प्रमाणपत्र पैनलबद्ध तकनीकी व्यक्ति की ओर से प्रमाणित किया जाएगा। स्वप्रमाणन की श्रेणी में आने वाले भवनों के लिए भी तकनीकी व्यक्ति से पूर्णता प्रमाणपत्र लेना अनिवार्य होगा। नए नियमों का उद्देश्य भवन निर्माण में पारदर्शिता, गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।












