Advertisement

पत्रकारों के वर्तमान अधिकार और भविष्य की चुनौतियों पर मंथन, संगठन को मजबूत करने पर जोर

-पत्रकारों के वर्तमान अधिकार और भविष्य की चुनौतियों पर मंथन, संगठन को मजबूत करने पर जोर

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। अखंड पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन (अपवा) की वैशाली जिला इकाई की मासिक बैठक रविवार को राजापाकर के भुवनेश्वर चौक स्थित न्यूटन क्लासेस परिसर में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पत्रकारों ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, पत्रकारों की समस्याओं, अधिकारों और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कालेश्वर कुमार ने की। इस दौरान संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के साथ पत्रकार हित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने पर जोर दिया गया। पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय, एकजुटता, सम्मान और सुरक्षा जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

जिला अध्यक्ष कालेश्वर कुमार ने कहा कि वर्तमान दौर में प्रिंट मीडिया के साथ डिजिटल और सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। पत्रकारिता के क्षेत्र में नई संभावनाओं के साथ कई चुनौतियां भी सामने आई हैं। ऐसे में पत्रकारों को समय के साथ खुद को अपडेट करने की जरूरत है, लेकिन खबरों की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और तथ्यपरकता से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पत्रकार की सबसे बड़ी ताकत उसकी कलम, निष्पक्षता और समाज के प्रति जिम्मेदारी है। पत्रकारों को कार्य के दौरान कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में संगठन का उद्देश्य केवल बैठक तक सीमित नहीं रहकर पत्रकारों के हित, सम्मान, सुरक्षा और भविष्य के लिए मजबूती से आवाज उठाना है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संगठन पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, नए पत्रकारों को मार्गदर्शन देने तथा नई तकनीक और डिजिटल माध्यमों की जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम करेगा। मजबूत संगठन के माध्यम से पत्रकारों की सामूहिक आवाज को शासन-प्रशासन और समाज तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जा सकता है।

बैठक में पत्रकारों ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में खबरों की तेजी के साथ उनकी तथ्यपरकता और विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। खबर प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की जांच और जिम्मेदार पत्रकारिता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। पत्रकारों ने संगठन के माध्यम से आपसी सहयोग और एकजुटता को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार नागेंद्र राय, जिला सचिव कौशल किशोर सिंह, जिला महासचिव आशुतोष कुमार झा, पातेपुर प्रखंड उपाध्यक्ष जलज कुमार, प्रखंड सचिव शिवकुमार राय, अखिलेश झा सहित संगठन के जिला स्तरीय पदाधिकारी और सदस्य पत्रकार उपस्थित रहे। अंत में संगठन को सक्रिय, मजबूत और पत्रकार हितैषी बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।