Advertisement

-डेढ़ साल की बच्ची समेत विवाहिता रहस्यमय ढंग से लापता, अपहरण की आशंका

-डेढ़ साल की बच्ची समेत विवाहिता रहस्यमय ढंग से लापता, अपहरण की आशंका

मुजफ्फरपुर/बन्दरा, दीपक। मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखंड के हत्था थाना एवं पंचायत के सकरी चांदपुरा गांव की एक विवाहिता अपनी डेढ़ वर्षीय पुत्री के साथ रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। मामले को लेकर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए दरभंगा बेंता पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सकरी चांदपुरा निवासी पीड़िता रसीला देवी ने दरभंगा के बेंता थाना में आवेदन देकर अपनी विवाहित पुत्री काजल कुमारी और डेढ़ साल की दुधमुंही नातिन लक्ष्मी कुमारी के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में बताया गया है कि 9 जून की शाम करीब साढ़े पांच बजे विवाहिता काजल कुमारी अपनी पुत्री के साथ दरभंगा में डॉक्टर बीवी शाही के यहां इलाज कराने गई थीं।
इलाज कराने के बाद वह अपने ससुराल बिशनपुर मलटोली, थाना बिशनपुर, जिला समस्तीपुर के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन वह न तो अपने ससुराल पहुंचीं और न ही मायके लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी मां-बेटी का कोई सुराग नहीं मिल सका है।


रसीला देवी ने आवेदन में आशंका जताई है कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनकी पुत्री और नातिन का अपहरण कर लिया गया है। उन्होंने यह भी आशंका व्यक्त की है कि दोनों को किसी गलत कार्य में संलिप्त कराने या बेचने जैसी आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा सकता है। इस संबंध में उन्होंने पुलिस प्रशासन से आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर मां-बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और किसी अनहोनी की आशंका से वे भयभीत हैं। फिलहाल पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन में जुटी हुई है।