-जनकपुरधाम में योग शिविर से पहले निकली प्रभात फेरी
-चार दिवसीय योग विज्ञान शिविर की तैयारियां तेज
जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर: जनकपुरधाम के ऐतिहासिक तिरहुतिया गाछी में आयोजित होने वाले चार दिवसीय वृहत योग विज्ञान शिविर को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 25 जून से शुरू होने वाले इस विशेष योग शिविर से पहले रविवार को पतंजलि योग समिति जनकपुरधाम की ओर से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई।
पतंजलि योग समिति जनकपुरधाम के कार्यवाहक अध्यक्ष एवं योग गुरु विमल पंडित के नेतृत्व में निकली प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। “करो योग, रहो निरोग” जैसे नारों के साथ पतंजलि योगपीठ से जुड़े सैकड़ों लोगों ने जनजागरूकता अभियान में हिस्सा लिया। प्रभात फेरी का समापन जानकी मंदिर परिसर में हुआ।

आयोजकों ने बताया कि 25 जून से शुरू होने वाले योग विज्ञान शिविर में बाबा रामदेव की अनन्य शिष्या साध्वी देवादिती जी योग प्रशिक्षण देंगी। शिविर में स्वास्थ्य, योग और निरोग जीवनशैली को लेकर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
योग शिविर की तैयारियों को लेकर रविवार को जानकी मंदिर के उत्तराधिकारी महंत के कक्ष में पत्रकार सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराधिकारी महंत राम रोशन दास वैष्णव, योग विज्ञान शिविर की संयोजक रंजना मिश्र तथा पतंजलि योग पीठ मधेश प्रदेश के उपाध्यक्ष योग गुरु मनोहर साह ने पत्रकारों को कार्यक्रम की तैयारियों और उद्देश्यों की जानकारी दी।
आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से योग शिविर में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है।
















