Advertisement

कांटी में सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार

-कांटी में सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 आरोपी गिरफ्तार

-एक लाख से अधिक नकद बरामद

मुजफ्फरपुर। जिले में सट्टेबाजों और अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कांटी थाना पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर पठान टोली इलाके में की गई। पुलिस ने मौके से एक लाख रुपये से अधिक नकद, ताश के पत्ते, बैंक के क्यूआर कोड समेत सट्टेबाजी से जुड़े अन्य सामान बरामद किए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिले में सट्टेबाजी के नेटवर्क के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी को दामोदरपुर पठान टोली इलाके में सट्टेबाजी के गिरोह के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर उन्होंने कांटी थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।


इसके बाद कांटी थाना पुलिस ने संबंधित इलाके में छापेमारी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 1 लाख 325 रुपये नकद, ताश के पत्ते, बैंक क्यूआर कोड और अन्य सामान जब्त किए गए।
बरामद क्यूआर कोड से गिरोह के डिजिटल लेन-देन से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर कांटी थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जिले में अवैध सट्टेबाजी और जुआ गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।