-इटावा में लाखों की चोरी का पर्दाफाश, महिला समेत चार गिरफ्तार; 12 लाख रुपये का माल बरामद
-सोने-चांदी के जेवरात और 2.32 लाख नकद बरामद, चोरी की रकम से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त -चोरी का माल खरीदने वाला सुनार भी गिरफ्तार
इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर, मेहरा चुंगी में मकान का ताला तोड़कर हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। एसओजी, सर्विलांस और फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 35.850 ग्राम सोने के आभूषण, 541 ग्राम चांदी के जेवरात और 2 लाख 32 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी की रकम से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों के साथ चोरी का माल खरीदने वाला एक सुनार भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, आगरा स्थित माही ज्वैलर्स का मालिक विजय माने अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई के बाद एसएसपी इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।












