-अहियापुर में दो दिन के अंतराल पर मिले दो शव
-बाजार समिति गेट के पास ठेले पर मिला अधेड़ का शव
-दो दिन पहले संत प्रेम भिक्षु कॉलेज के पास मिली थी महिला की लाश
-एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार की सुबह बाजार समिति के मुख्य गेट के पास एक ठेले पर करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महज दो दिनों के अंतराल पर थाना क्षेत्र में दो शव मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह बाजार समिति के आसपास के दुकानदार जब अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उन्होंने ठेले पर एक व्यक्ति को सोया हुआ देखा। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर दुकानदारों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर व्यक्ति की सांस नहीं चल रही थी। इसके बाद दुकानदारों ने अहियापुर थाना पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अहियापुर थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल और ठेले के आसपास से बारीकी से नमूने एकत्र किए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।
गौरतलब है कि दो दिन पहले अहियापुर थाना के सामने संत प्रेम भिक्षु कॉलेज के समीप भी एक महिला का शव बरामद किया गया था। उस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी ही थी कि बुधवार को दूसरी घटना सामने आ गई।
लगातार दो घटनाओं के बाद पुलिस दोनों शवों की पहचान कराने में जुटी है। इसके लिए आसपास के थानों को भी सूचना दी गई है। फिलहाल अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।












