-हरसिद्धि में भीषण सड़क हादसा, ट्रैक्टर-स्कॉर्पियो की टक्कर में तीन युवकों की मौत की सूचना
-दो सगे गांव के युवकों की मौके पर मौत, एक घायल पटना रेफर; तीसरे मृतक की पहचान नहीं
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के गायघाट में शनिवार रात ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में एक घायल युवक की भी पटना में इलाज के दौरान मौत होने की सूचना मिली है। हालांकि, पुलिस की ओर से खबर लिखे जाने तक केवल दो युवकों की मौत की आधिकारिक पुष्टि की गई थी। तीसरे मृतक की पहचान भी नहीं हो सकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हरसिद्धि पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सेवराहा गांव के दो युवकों की मौत से मातम:
हादसे में जान गंवाने वाले दो युवकों की पहचान सेवराहा गांव निवासी मनु कुमार उर्फ मन्नू सिंह और शुभम सिंह के रूप में हुई है। मनु कुमार चड़रहिया के पूर्व मुखिया मुरारी सिंह के पुत्र थे और सेवराहा में सीएसपी संचालक के रूप में कार्य करते थे। वहीं, शुभम सिंह अजय सिंह के पुत्र थे। बताया गया कि शुभम की शादी इसी साल 20 फरवरी को हुई थी। दोनों युवकों की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पटना रेफर घायल की मौत की सूचना:
हादसे में मानिकपुर हसुआहा निवासी विजय सिंह के पुत्र आदित्य सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया था। बाद में पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत होने की सूचना मिली। वहीं, हादसे में मारे गए तीसरे युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि वह हसुआहा, गोविंदापुर के समीप का रहने वाला था।
हरसिद्धि पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर के कारण हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल, दो युवकों की मौत की ही आधिकारिक पुष्टि हुई है, जबकि तीसरे युवक की मौत की सूचना की पुष्टि होना बाकी है।












