Advertisement

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12 साल बाद भाजपा समर्थित प्रत्याशी की वापसी

-तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12 साल बाद भाजपा समर्थित प्रत्याशी की वापसी

-नरेंद्र प्रसाद सिंह 1311 मतों से जीते
-12 वर्षों बाद छूटा वनवास

मुजफ्फरपुर। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी एवं पूर्व एमएलसी प्रो. (डॉ.) नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक प्रतिष्ठा फिर से हासिल कर ली है। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी भूषण कुमार झा को 1311 मतों से पराजित किया। इस जीत के साथ ही 12 साल बाद इस सीट पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी की वापसी हुई है। वहीं, निवर्तमान एमएलसी एवं सीपीआई प्रत्याशी डॉ. संजय कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे। उनकी हार के साथ सीट पर सीपीआई के लगातार दो कार्यकाल का अंत हो गया।

मतगणना के परिणाम के अनुसार, नरेंद्र प्रसाद सिंह को कुल 3662 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी भूषण कुमार झा ने 2351 मत हासिल किए। वहीं, सीपीआई के डॉ. संजय कुमार सिंह को 1967 वोट मिले। इस प्रकार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भूषण कुमार झा को 1311 मतों के अंतर से हराया।

नरेंद्र प्रसाद सिंह की यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पिछले दो चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उन्होंने शानदार वापसी करते हुए विधान परिषद में पहुंचने का रास्ता साफ किया। दूसरी ओर, चुनाव से पहले जन सुराज का टिकट ठुकराकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे व्यवसायी भूषण कुमार झा ने भी मुकाबले को रोचक बनाया। जन सुराज समर्थित श्याम नंदन कुमार यादव समेत अन्य प्रत्याशियों की मौजूदगी से चुनाव बहुकोणीय हो गया था।

प्रशासन से प्राप्त गणना पत्र के अनुसार, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 8760 मतदाता थे, जिनमें से 7271 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना में 7017 मत वैध और 254 मत अवैध घोषित किए गए। इसके अतिरिक्त तीन टेंडर वोट भी पड़े। चुनाव में जीत के लिए निर्धारित कोटा 3509 मत बताया गया था। वरीयता मतों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नरेंद्र प्रसाद सिंह को विजेता घोषित किया गया।

इस चुनाव में छह प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा सके। नरेंद्र प्रसाद सिंह की जीत से तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण में बदलाव आया है। वहीं, दो कार्यकाल तक इस सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले डॉ. संजय कुमार सिंह को इस बार हार का सामना करना पड़ा।