Advertisement

राष्ट्रीय कार्यशाला में मुजफ्फरपुर के दो शिक्षकों ने किया बिहार का प्रतिनिधित्व

-राष्ट्रीय कार्यशाला में मुजफ्फरपुर के दो शिक्षकों ने किया बिहार का प्रतिनिधित्व

-कौशल आधारित शिक्षा का लिया प्रशिक्षण

मुजफ्फरपुर। भुवनेश्वर स्थित वर्ल्ड स्किल सेंटर में 26 और 27 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला में मुजफ्फरपुर जिले के दो शिक्षकों ने बिहार का प्रतिनिधित्व किया। कार्यशाला में शिक्षकों को कौशल आधारित शिक्षा, बैगलेस डे, जीवन कौशल और विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यशाला में कांटी प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय सलेमपुर ढाब के विद्यालय अध्यापक सह जिला तकनीकी दल के लीड कुमार अभिषेक तथा सरैया प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय गोपालपुर नेउरा के विद्यालय अध्यापक सह जिला तकनीकी दल के सदस्य अभिषेक कुमार शामिल हुए। इसका आयोजन शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत एनसीईआरटी की इकाई पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान, भोपाल की ओर से किया गया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 के अनुरूप आयोजित इस कार्यशाला में कौशल आधारित बैगलेस डे, कौशल बोध और माई करियर एडवाइजर ऐप के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई। शिक्षकों को बताया गया कि किस प्रकार विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई के साथ व्यावहारिक गतिविधियों और कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ा जा सकता है। साथ ही, विद्यार्थियों की रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के तरीकों पर भी चर्चा हुई।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने जीवन कौशल, मशीनों एवं विभिन्न सामग्रियों के उपयोग और मानव सेवाओं से संबंधित गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता बढ़ाना था, ताकि वे विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल और भविष्य में करियर चुनने के लिए उचित मार्गदर्शन दे सकें।

दोनों शिक्षकों की सहभागिता पर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमार अरविंद सिन्हा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आयुष कुमार, जिला शिक्षक शिक्षा समन्वयक मनोज कुमार तथा जिला तकनीकी दल के लीड केशव कुमार ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इसे जिले की शिक्षा व्यवस्था में कौशल आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।