Advertisement

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कारगिल चौक से जेपी गोलंबर तक किया पैदल मार्च

-लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, कारगिल चौक से जेपी गोलंबर तक किया पैदल मार्च

पटना, 28 अक्टूबर(दीपक कुमार तिवारी)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बुधवार को भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कारगिल चौक से गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर तक पैदल मार्च किया। इसके बाद लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता दोहराई।

कारगिल चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने देश में आपातकाल लागू कर लोगों के मौलिक अधिकार छीने, वे आज लोकतंत्र की बात कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता विपक्ष की ऐसी कोशिशों को नाकाम करेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और लोगों की बुनियादी सुविधाओं के साथ उनके मान-सम्मान में भी वृद्धि हुई है। भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता उसी को चुनती है, जो उसके लिए काम करता है।

सम्राट चौधरी ने कांग्रेस पर चुनाव में हार के बाद ईवीएम और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माता-पिता के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि सभ्य समाज में ऐसी भाषा स्वीकार्य नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा, “जो लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ करेगा, जनता उसको माफ नहीं करेगी। लोकतंत्र बचाने के लिए भाजपा पूरी मजबूती से खड़ी है। हमलोग लोकतंत्र के साथ हैं।”

उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए को मिली 202 सीटों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के जनादेश का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विकसित भारत और समृद्ध बिहार के सपने को पूरा करने के लिए मिलकर काम करने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।