-पॉक्सो एक्ट और बाल सुरक्षा के प्रति बच्चों को किया गया जागरूक
भागलपुर, 28 अक्टूबर। चंपानगर स्थित नरगाकोठी के पूरनमल सावित्री देवी बाजोरिया सरस्वती शिशु मंदिर में बुधवार को पॉक्सो एक्ट एवं बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा अरुण से पंचम तक के बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और लैंगिक अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में न्यायाधीश धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने बच्चों को पॉक्सो एक्ट-2012 की जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने के लिए बनाया गया है। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी अनुचित व्यवहार या असुरक्षित परिस्थिति का सामना होने पर बिना डरे माता-पिता अथवा शिक्षकों को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने व्यक्तिगत सुरक्षा, अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के महत्व को भी समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिलना जरूरी है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपनी शिक्षा पूरी कर सकें और जीवन में आगे बढ़ें।

विद्यालय के प्रभारी मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में बाल अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानून के प्रति जागरूकता विकसित करना है। वहीं, उप प्रधानाचार्य अभिनंदन सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में अधिकारियों का परिचय विद्यालय के आचार्य शशि भूषण मिश्र ने कराया। इस अवसर पर अभिजीत आचार्य, अमर ज्योति, आभाष कुमार, शशिकांत गुप्ता, सुबोध ठाकुर, संजीव ठाकुर, शुभम कुमार, ऋषि देवाशीष, सुजीत कुमार, गोपाल प्रसाद सिंह, कविता पाठक, रेणु कुमारी, मोनालिसा, नेहा कुमारी, खुशबू कुमारी, मनीष कुमार, अनीता देवी एवं सुलेखा देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।












