-बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में वोकेशनल कोर्स की तीसरी मेरिट लिस्ट जारी, 1772 विद्यार्थियों का चयन
मुजफ्फरपुर। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में वोकेशनल और प्रोफेशनल कोर्स में नामांकन के लिए तीसरी मेरिट लिस्ट मंगलवार को जारी कर दी गई। इस सूची में कुल 1772 विद्यार्थियों को जगह मिली है। चयनित छात्र-छात्राएं बुधवार से 31 अक्टूबर तक आवंटित कॉलेजों में नामांकन करा सकेंगे। वहीं, पीजी गणित विभाग में संचालित पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर एप्लीकेशन (पीजीडीसीए) कोर्स में नामांकन के लिए पहली मेरिट लिस्ट भी जारी की गई है।
तीसरी मेरिट लिस्ट में 60 से अधिक विद्यार्थियों के आवेदन फॉर्म पीले रंग से चिह्नित किए गए हैं। इन विद्यार्थियों के आवेदन या दस्तावेजों में त्रुटियां पाई गई हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित विद्यार्थियों का नामांकन त्रुटियों में सुधार के बाद ही लिया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को ईमेल के माध्यम से नामांकन की सूचना दी जा रही है। विद्यार्थी समर्थ पोर्टल पर अपनी यूजर आईडी और पासवर्ड के जरिए आवंटित कॉलेज की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर इसकी सूचना ईमेल के माध्यम से समर्थ पोर्टल पर देनी होगी।

विश्वविद्यालय के सीसीडीसी डॉ. रजनीश कुमार गुप्ता ने नामांकन को लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। नामांकन से पहले सभी शैक्षणिक एवं अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। दस्तावेज सही पाए जाने के बाद ही नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी। पूरी प्रक्रिया वोकेशनल एवं प्रोफेशनल कोर्स के ऑर्डिनेंस और रेगुलेशन के अनुसार संचालित की जाएगी।
पीजीडीसीए में 31 अक्टूबर तक नामांकन:
विश्वविद्यालय के पीजी गणित विभाग में संचालित पीजीडीसीए कोर्स में नामांकन के लिए पहली मेधा सूची मंगलवार को जारी की गई। चयनित विद्यार्थी 31 अक्टूबर तक नामांकन करा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा के आधार पर मेधा सूची तैयार करने के लिए कुलपति ने तीन सदस्यीय रोस्टर कमेटी का गठन किया था। समिति की ओर से तैयार रोस्टर के आधार पर सूची जारी की गई है। नामांकन के बाद इसकी रिपोर्ट समर्थ पोर्टल पर अपडेट करनी होगी।
31 अक्टूबर से शुरू होगी स्नातक पार्ट थर्ड की विशेष परीक्षा:
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में स्नातक पार्ट थर्ड की विशेष परीक्षा 31 अक्टूबर से शुरू होकर सात नवंबर तक चलेगी। परीक्षा के लिए बुधवार को एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। इसमें 5500 से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण और वैशाली जिलों में केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
मुजफ्फरपुर में एमपीएस साइंस कॉलेज और रामेश्वर महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। एमपीएस साइंस कॉलेज में 24 महाविद्यालयों तथा रामेश्वर महाविद्यालय में 18 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों की परीक्षा होगी। पूर्वी चंपारण में एसएनएस विद्यापीठ, पश्चिम चंपारण में ईश्वर शांति लॉ महाविद्यालय और वैशाली में यमुना नंद किशोर शुक्ला संस्थान को केंद्र बनाया गया है।












