Advertisement

पटना की ऐतिहासिक धरोहर को मिलेगा नया स्वरूप, मिलर हाई स्कूल की पानी टंकी का होगा जीर्णोद्धार

-पटना की ऐतिहासिक धरोहर को मिलेगा नया स्वरूप, मिलर हाई स्कूल की पानी टंकी का होगा जीर्णोद्धार

पटना, 28 अक्टूबर(दीपक तिवारी)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को पटना के मिलर हाई स्कूल परिसर स्थित ऐतिहासिक पानी टंकी के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण एवं आधुनिक कैफेटेरिया निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने के साथ परिसर को आकर्षक एवं सुव्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।

परियोजना के तहत पानी टंकी के मूल ऐतिहासिक एवं स्थापत्य स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए उसका जीर्णोद्धार और नवीनीकरण किया जाएगा। टंकी के चारों ओर गोलाकार पाथ-वे बनाया जाएगा। इसके अलावा परिसर में लैंडस्केपिंग और आधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। पर्यटकों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए एक आधुनिक कैफेटेरिया भवन का भी निर्माण होगा।

नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पटना नगर निगम के अंतर्गत संचालित होने वाली इस परियोजना में ऐतिहासिक संरचना के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया है। पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जीर्णोद्धार कार्य में न्यूनतम हस्तक्षेप और मूल स्थापत्य स्वरूप के अधिकतम संरक्षण के सिद्धांत का पालन किया जाएगा। इसके लिए पारंपरिक, टिकाऊ एवं संरचना के अनुकूल सामग्रियों का इस्तेमाल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक पानी टंकी परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी आधारभूत संरचना के विकास, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मिलर हाई स्कूल परिसर की ऐतिहासिक पानी टंकी का जीर्णोद्धार इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से परिसर को एक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित विरासत स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया एवं रत्नेश कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चन्द्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।