-सुरक्षित बचपन अभियान: बच्चों को पॉक्सो कानून और साइबर अपराध से बचाव की दी गई जानकारी
-प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह ने बच्चों को किया जागरूक, शोषण के खिलाफ आवाज उठाने की अपील
मुजफ्फरपुर, 28 अक्टूबर। बच्चों को यौन शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम और साइबर अपराध से बचाने के उद्देश्य से जिले में सुरक्षित बचपन अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली के निर्देश पर 26 से 31 अक्टूबर तक आयोजित इस अभियान के तीसरे दिन बुधवार को चक्कर मैदान स्थित प्रभात तारा स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अध्यक्ष श्वेता कुमारी सिंह ने बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण में रहने तथा शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे किसी गलत प्रलोभन में न आएं और परेशानी होने पर अपने अभिभावकों या शिक्षकों को तत्काल जानकारी दें।

कार्यक्रम में बच्चों को पॉक्सो अधिनियम-2012, बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर अपराध और नशे की लत से बचाव के बारे में विस्तार से बताया गया। न्यायिक पदाधिकारियों ने विशेष रूप से ऑनलाइन यौन उत्पीड़न और सोशल मीडिया के खतरों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। बच्चों को समझाया गया कि वे अपनी निजी जानकारी, फोटो और वीडियो अनजान लोगों के साथ साझा न करें, क्योंकि इनका दुरुपयोग किया जा सकता है।
कानून की जानकारी से अन्याय के खिलाफ उठा सकेंगे आवाज:
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तेज कुमार प्रसाद ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गलत प्रलोभनों से बचाना और उनके संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनों के प्रति जागरूक करना है। अभियान के तहत जिले के सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान में न्यायिक पदाधिकारी, बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, बाल कल्याण समिति, पॉक्सो कोर्ट, किशोर न्याय परिषद के पीठासीन पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता और विषय विशेषज्ञ भाग लेकर बच्चों को जागरूक करेंगे।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तेज कुमार प्रसाद, शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता श्वेता ठाकुर, काजी मोहम्मदपुर थाना के बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी, समाजसेवी बच्चा भगवान पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।












