-मुजफ्फरपुर हत्याकांड: DIG ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, SSP ने SIT गठित कर तेज की जांच
दीपक। मुजफ्फरपुर।
मुजफ्फरपुर के कच्ची-पक्की क्षेत्र में हुई हत्या की घटना के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तिरहुत रेंज के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान DIG ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मामले के उद्भेदन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

इधर, हत्याकांड के शीघ्र खुलासे के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) मुजफ्फरपुर ने एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। SIT को मामले की हर पहलू से जांच कर अपराधियों तक पहुंचने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं, जांच को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और स्वान दस्ता (डॉग स्क्वायड) की भी सहायता ली जा रही है। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है, ताकि आम लोगों में विश्वास कायम रहे।











