-मानसून की पहली झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे पर आई रौनक,धान की रोपनी तेज
दीपक। बन्दरा।
धान की रोपनी के लिए मानसून के पानी का इंतजार कर रहे किसानों को झमाझम हुई बारिश ने निहाल किया है। मानसून की पहली बारिश के साथ ही हत्था,मुन्नी-बैंगरी,पटसारा,तेपरी,रतवारा,नूनफ़ारा,बड़गांव, पिरापुर, रामपुरदयाल,बन्दरा,मतलुपुर सहित कई पंचायत क्षेत्रों एवं पड़ोसी इलाकों में किसानों ने धान की रोपनी तेज कर दी है। बहुत से किसानों के धान की खेतों की रोपाई हो चुकी है,उन्हें सिंचाई के लिए बारिश का इंतज़ार था। बारिश होने से भीषण गर्मी के कारण परेशान लोगों को भी राहत मिली है।

प्रखण्ड कृषि अधिकारी अर्जुन पासवान ने बताया कि पानी के अभाव में सूख रहे धान के बिचड़ों एवं रोपाई की गई खेतों को भी इस पानी ने संजीवनी दे दी है। पैक्सध्यक्ष नंदकिशोर द्विवेदी ने बताया की जिन किसानों के धान के बिचड़े तैयार हो चुके थे,लेकिन पानी के अभाव में रोपनी नहीं हो पा रही थी।उन्हें मानसून के पानी का इंतजार था।
प्रखंड क्षेत्र में रविवार की रात्रि में आए बारिश ने किसानों के चेहरों पर खुशी दिख रही है। सोमवार के बाद मंगलवार को भी बारिश का सिलसिला जारी है। आपको बता दें कि बारिश के इंतजार में कई छोटे किसान धान की रोपनी नही कर पा रहे थे।ऐसे किसानों ने धान की रोपनी तेज कर दी है।
















