Advertisement

विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन की कार की चपेट में आए 52 वर्षीय ग्रामीण, ब्रेन हेमरेज; PMCH रेफर

-विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन की कार की चपेट में आए 52 वर्षीय ग्रामीण, ब्रेन हेमरेज; PMCH रेफर

-पूसा में शादी समारोह के बाद हुआ हादसा
-ग्रामीणों ने दूल्हा-दुल्हन को सुरक्षित उतार घायल को पहुंचाया अस्पताल

समस्तीपुर। जिले के पूसा थाना क्षेत्र अंतर्गत दक्षिणी हरपुर पंचायत में शादी समारोह के बाद एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विदाई के बाद दूल्हा-दुल्हन को लेकर घर लौट रही कार की चपेट में आने से गांव के ही 52 वर्षीय सुरेश राय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सबसे पहले कार में सवार दूल्हा-दुल्हन को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसी कार से घायल सुरेश राय को अनुमंडलीय अस्पताल पूसा पहुंचाया गया। इस दौरान माले नेता रौशन कुमार और अजय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सुरेश राय की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित पीएमसीएच भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, घायल सुरेश राय को ब्रेन हेमरेज हुआ है। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और चालक को थाने पर रखा गया है। पूसा थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने बताया कि मामले में आवेदन प्राप्त होने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना में ग्रामीणों की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की चर्चा हो रही है। दूल्हा-दुल्हन को सुरक्षित निकालने के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने की पहल ने मुश्किल वक्त में इंसानियत की मिसाल पेश की।