-बिहार के 16 लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य, 30 नवंबर तक चलेगा ‘खेत बचाओ अभियान’
-मुजफ्फरपुर समेत पूरे बिहार में किसानों को मिट्टी की सेहत सुधारने, संतुलित खाद के इस्तेमाल और प्राकृतिक खेती के प्रति किया जाएगा जागरूक
मुजफ्फरपुर। बिहार में खेती को टिकाऊ और लाभकारी बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग की ओर से ‘खेत बचाओ अभियान’ शुरू किया गया है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत राज्य के करीब 16 लाख किसानों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने, संतुलित उर्वरक के इस्तेमाल और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला कृषि पदाधिकारी भारत भूषण के नेतृत्व में कृषि विभाग के अधिकारियों की टीम गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करेगी। इसके लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में किसानों को मिट्टी की नियमित जांच कराने और जांच रिपोर्ट के आधार पर ही खेतों में खाद एवं उर्वरकों का इस्तेमाल करने की जानकारी दी जाएगी।

अभियान के तहत खेतों की मिट्टी की जांच को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। इसके लिए हाईस्कूलों में मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं स्थापित करने की पहल की जा रही है। इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर अपनी जमीन में मौजूद पोषक तत्वों की जानकारी मिल सकेगी। मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत मिट्टी की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके आधार पर किसानों को बताया जाएगा कि उनकी जमीन में किन पोषक तत्वों की कमी है और कितनी मात्रा में उर्वरक का इस्तेमाल करना उचित होगा। इससे अनावश्यक खाद पर होने वाले खर्च को भी कम किया जा सकेगा।
अभियान के दौरान किसानों को रासायनिक खाद पर निर्भरता कम करने और जैविक विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए गोबर खाद, वर्मी कंपोस्ट और हरी खाद के इस्तेमाल के फायदे बताए जाएंगे। वहीं, किसानों को पराली नहीं जलाने के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। कृषि अवशेषों को जलाने के बजाय खेतों में उपयोग कर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के तरीके बताए जाएंगे।
किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल के लिए सरकार की ओर से मिलने वाली अनुदान राशि की जानकारी भी दी जाएगी। बिहार कृषि विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कृषि यंत्रों और सामूहिक कृषि यंत्र बैंक पर उपलब्ध अनुदान से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी। पंचायत स्तरीय शिविरों में किसानों को विभिन्न योजनाओं, अनुदान की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी बताया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना, खेती की लागत कम करना और किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों से जोड़ना है।












