-बिहार के 899 राजस्व न्यायालयों में होगी वर्चुअल सुनवाई, अब कोर्ट के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत : सम्राट चौधरी
-RCMS व्यवस्था का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण, ऑनलाइन सुनवाई के साथ डिजिटल दस्तावेज और साक्ष्य अपलोड करने की भी मिलेगी सुविधा
पटना, 23 नवंबर। बिहार में राजस्व न्यायालयों से जुड़े मामलों की सुनवाई अब डिजिटल माध्यम से होगी। राज्य के 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल सुनवाई की व्यवस्था शुरू की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) के तहत इस नई व्यवस्था का लोकार्पण किया। इससे आम लोगों को राजस्व न्यायालयों में सुनवाई के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के लिए यह ऐतिहासिक दिन है। 899 राजस्व न्यायालयों में वर्चुअल माध्यम से मामलों की सुनवाई होने से आम नागरिकों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। राजस्व से जुड़े करोड़ों आवेदन और मामले लंबित रहते हैं। नई व्यवस्था से मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी और न्यायालयों पर मुकदमों का बोझ भी कम होगा। यह पहल सरकार के सात निश्चय-3 के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्चुअल सुनवाई से लोगों के समय और संसाधनों दोनों की बचत होगी। खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें सुनवाई के लिए राजस्व न्यायालयों तक पहुंचने की मजबूरी नहीं होगी। डिजिटल माध्यम से वे अपने मामलों की सुनवाई में शामिल हो सकेंगे।

उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के तहत सुनवाई की पूरी रिकॉर्डिंग और ट्रांसक्रिप्शन उपलब्ध रहेगा। इससे न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और सुनवाई की गुणवत्ता में सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने पारित आदेशों की नियमित स्क्रूटिनी सुनिश्चित करने तथा उनकी गुणवत्ता की जांच के लिए विशेष सेल गठित करने का निर्देश भी दिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नई व्यवस्था की जानकारी व्यापक स्तर पर आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। सुनवाई की तारीख और समय की सूचना एसएमएस के अलावा कॉल सेंटर एवं अन्य वैकल्पिक माध्यमों से भी पक्षकारों को उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को सुनवाई से संबंधित जानकारी मिलने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली पर आधारित वीडियो फिल्म प्रदर्शित की गई। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि RCMS के जरिए वादों की ऑनलाइन सुनवाई के साथ पक्षकार डिजिटल माध्यम से साक्ष्य और आवश्यक दस्तावेज भी अपलोड कर सकेंगे। इसके अलावा अपने मामलों की स्थिति की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, विभागीय सचिव सीमा त्रिपाठी, अपर सचिव अमित कुमार पाण्डेय, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी और राजस्व न्यायालयों से जुड़े पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।












