Advertisement

उत्तर बिहार में अगले 24 से 36 घंटे में बारिश के आसार

-उत्तर बिहार में अगले 24 से 36 घंटे में बारिश के आसार

-किसानों को सतर्क रहने की सलाह
-पूसा कृषि मौसम सेवा ने जारी किया मौसम पूर्वानुमान
-21 से 25 नवंबर तक छाए रहेंगे बादल
-गेहूं, आलू और चना की खेती को लेकर किसानों को दी गई सलाह

समस्तीपुर। उत्तर बिहार के मौसम में अगले 24 से 36 घंटे के दौरान बदलाव होने की संभावना है। चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से बेगूसराय जिले में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जिले के कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होने के आसार हैं। अगले एक-दो दिनों तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से शुक्रवार, 20 नवंबर को मौसम बुलेटिन संख्या-89 जारी किया गया। इसके अनुसार 21 से 25 नवंबर तक अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 80 से 90 प्रतिशत और दोपहर में 35 से 45 प्रतिशत रह सकती है। इस दौरान मुख्य रूप से पूर्वी हवा तथा बाद में पछिया हवा चलने की संभावना है। हवा की गति 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।
पिछले तीन दिनों के मौसम का आकलन करते हुए मौसम विभाग ने बताया कि पूसा में औसत अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह में औसत सापेक्ष आर्द्रता 91 प्रतिशत तथा दोपहर में 58 प्रतिशत रही। हवा की औसत गति 5.8 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई। इस अवधि में मौसम शुष्क रहा।


संभावित प्रतिकूल मौसम को देखते हुए बेगूसराय के किसानों को अगले एक-दो दिनों तक धान और खरीफ मक्का की कटाई स्थगित रखने की सलाह दी गई है। मौसम साफ और शुष्क होने पर ही कटाई शुरू करें। कटी हुई फसलों और कृषि उत्पादों को सुरक्षित एवं सूखे स्थान पर रखें। खुले में रखी उपज को बारिश से बचाने के लिए तिरपाल से ढककर रखने की अपील की गई है। रबी फसलों की बुवाई भी मौसम अनुकूल होने पर करने की सलाह दी गई है।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को गेहूं की बुवाई शुरू करने की सलाह दी है। इसके लिए राजेंद्र गेहूं-4, डीबीडब्ल्यू-187, एचडी-2967, डीबीडब्ल्यू-252, डीबीडब्ल्यू-222 और राजेंद्र गेहूं-3 किस्मों को उपयुक्त बताया गया है। कतार में बुवाई के लिए 100 किलोग्राम तथा छिटकवां विधि के लिए 125 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर बीज दर रखने की सलाह दी गई है।
वहीं आलू की खेती के लिए कुफरी ख्याति, कुफरी पुखराज, कुफरी ज्योति, कुफरी लोहित और कुफरी नीलकंठ किस्मों को उपयुक्त बताया गया है। किसानों को स्वस्थ एवं रोगमुक्त बीज कंदों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
चना की खेती को लेकर भी किसानों के लिए महत्वपूर्ण सुझाव जारी किए गए हैं। देसी चना के लिए पूसा-256, केपीजी-59, केडब्ल्यूआर-108, पंत जी-189 और पूसा-372 किस्मों की अनुशंसा की गई है। वहीं काबुली चना के लिए एचके-2 और एचके-5-169 उपयुक्त बताए गए हैं।
मौसम में बदलाव को देखते हुए पशुपालकों को अपने पशुओं को सूखे स्थान पर रखने तथा पशुबाड़े में जलजमाव नहीं होने देने की सलाह दी गई है। पांच महीने से अधिक की गर्भवती गायों को 20 प्रतिशत अतिरिक्त दाना मिश्रण खिलाने की अनुशंसा की गई है। पशुचारे के लिए लुसर्न, बरसीम और जई की बुवाई शुरू करने का सुझाव दिया गया है। धान का पुआल खिलाने वाले पशुपालकों को डायरिया से बचाव के लिए प्रतिदिन 50 ग्राम साधारण नमक और 50 ग्राम खनिज मिश्रण देने की सलाह दी गई है।
मौसम संबंधी यह बुलेटिन डॉ. ए. सत्तार, वरीय वैज्ञानिक सह नोडल पदाधिकारी, ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, पूसा की ओर से जारी किया गया है।