-तिरहुत आयुक्त ने राजकीय जिला स्कूल का किया औचक निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
-विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों से नियमित संवाद व फीडबैक लेने का अधिकारियों को निर्देश
मुजफ्फरपुर। तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने सोमवार को मुजफ्फरपुर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल), राजकीय जिला स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए शिक्षा व्यवस्था से जुड़े संपूर्ण तंत्र को सजग, तत्पर और प्रतिबद्ध रहना होगा।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा का बेहतर माहौल बनाने के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देना आवश्यक है।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाए। उनसे समय-समय पर फीडबैक लेकर शैक्षणिक व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत रहे।












