-50 साल पुरानी समस्या का होगा स्थायी समाधान, ट्रीटमेंट के बाद पाइपलाइन से फरदो नाला तक जाएगा सुधा डेयरी का पानी
-प्रमंडलीय आयुक्त की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक
-प्रस्तावित ड्रेनेज रूट को मिली मंजूरी
-एक महीने में डीपीआर बनाने का निर्देश
मुजफ्फरपुर, 23 नवंबर। कांटी प्रखंड स्थित सुधा डेयरी प्लांट से निकलने वाले केमिकलयुक्त दूषित पानी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। करीब 50 वर्षों से चली आ रही इस समस्या के समाधान के लिए सोमवार को तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। बैठक में डेयरी प्लांट से निकलने वाले पानी को ट्रीटमेंट के बाद पाइपलाइन के माध्यम से फरदो नाला के समीप गिराने की योजना पर सहमति बनी। इसके लिए प्रस्तावित ड्रेनेज रूट को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
बैठक में आयुक्त ने तिमूल के प्रबंध निदेशक को निर्देश दिया कि स्वीकृत ड्रेनेज रूट का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) एक महीने के भीतर तैयार करें। इसके बाद एनएचएआई और रेलवे से आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त किया जाएगा। आयुक्त ने कहा कि प्रशासन के लगातार प्रयासों से लगभग पांच दशक पुरानी समस्या अब त्वरित समाधान की ओर बढ़ रही है। आम लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आयुक्त ने बताया कि सुधा डेयरी का अपशिष्ट पानी वर्षों से आसपास के क्षेत्रों और कृषि भूमि में बह रहा है। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी के साथ खेती पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। पानी में आर्सेनिक, क्लोराइड और फॉस्फेट जैसे रासायनिक तत्वों की मौजूदगी से लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए पूर्व में क्षेत्र का निरीक्षण किया गया था और 18 अगस्त 2026 को हुई बैठक में दो बहुसदस्यीय समितियों का गठन किया गया था।

उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता वाली समिति ने डेयरी से निकलने वाले पानी की गुणवत्ता और ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यक्षमता का निरीक्षण किया। वहीं, पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता ने बोरवेल के पानी का नमूना लेकर रासायनिक तत्वों की जांच की। दूसरी ओर, अपर समाहर्ता की अध्यक्षता वाली समिति ने जल निकासी के लिए उपयुक्त भूमि की उपलब्धता का सर्वेक्षण किया। दोनों समितियों ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है, जिस पर सोमवार की बैठक में विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कांटी विधायक अजीत कुमार ने बताया कि तिरहुत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अलावा होटल और रेस्टोरेंट का पानी भी रैयती जमीन में बह रहा है। उन्होंने भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए व्यापक ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने का सुझाव दिया। इस पर आयुक्त ने तिमूल के प्रबंध निदेशक को अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर पाइपलाइन निर्माण की योजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही एनटीपीसी कांटी और सुधा डेयरी बरौनी में जल निकासी की व्यवस्था का अध्ययन कर उपयोगी सुझाव लेने को कहा।
आयुक्त ने कहा कि डेयरी से निकलने वाले पानी का नियमानुसार ट्रीटमेंट अनिवार्य होगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक संरचनाओं का निर्माण जनवरी से शुरू करा दिया जाए। फरदो नाला के समीप वीबी जी राम जी योजना के तहत तालाब निर्माण की भी योजना है, जिससे मत्स्य पालन को प्रोत्साहन मिल सकेगा। इसके अलावा तिमूल अपने नए परिसर में पक्के तालाब का निर्माण भी करा रहा है।
बैठक में आयुक्त ने प्रशासन, सुधा डेयरी, तिमूल, एनएचएआई, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पीएचईडी, रेलवे और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ स्थायी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यावरण नियमों के उल्लंघन के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। आम जनता के जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में कांटी विधायक अजीत कुमार, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सुधा डेयरी-तिमूल, एनएचएआई, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पीएचईडी, रेलवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












