Advertisement

उत्तर बिहार में बढ़ेगा कोहरे का असर, सुबह-शाम धुंध से रहेगी परेशानी

-उत्तर बिहार में बढ़ेगा कोहरे का असर, सुबह-शाम धुंध से रहेगी परेशानी

-24 नवंबर को शुष्क रहेगा मौसम
-मुजफ्फरपुर समेत नौ जिलों में कोहरे की संभावना
-अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 19 डिग्री रहने का अनुमान

मुजफ्फरपुर। उत्तर बिहार में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय कोहरे एवं धुंध का असर बढ़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार 24 नवंबर को उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली समेत कई जिलों में कोहरा या धुंध छाई रह सकती है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 24 नवंबर को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दौरान हवा में नमी यानी आर्द्रता 90 से 60 प्रतिशत के बीच रह सकती है। अगले दो दिनों तक उत्तर बिहार के कई जिलों में सुबह और शाम के समय मध्यम से घना कोहरा छाने के आसार हैं।


समस्तीपुर और वैशाली में भी सुबह धुंध और कोहरे के बाद दिन में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। सोमवार को सुबह कोहरा छाया रहा, लेकिन बाद में धूप निकलने से लोगों को राहत मिली।
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 24 से 29 नवंबर तक बिहार में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के संकेत हैं। अगले दो दिनों में राज्य का अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के बीच पश्चिमी विक्षोभ गर्त के रूप में मौजूद है। वहीं, निचले क्षोभमंडल में विभिन्न क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण भी बने हुए हैं।
सुबह और रात के समय कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को धीमी गति से गाड़ी चलाने और फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। रेल और हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले ट्रेनों एवं उड़ानों की स्थिति की जानकारी लेने को कहा गया है। सुबह-शाम बढ़ती ठंड को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है।