-मणिपुर में सुबह-सुबह जोरदार भूकंप, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
इंफाल/कामजोंग। मंगलवार सुबह भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में तेज भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। सुबह करीब 5:59 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.2 मापी गई, जिससे सो रहे लोग अचानक जाग गए और घबराकर घरों से बाहर निकल आए।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार भूकंप का केंद्र कामजोंग में स्थित था। झटके इतने तेज थे कि कई इलाकों में लोगों ने कंपन को स्पष्ट रूप से महसूस किया और एहतियातन खुले स्थानों की ओर भागने लगे।

हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वोत्तर क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है, ऐसे में लोगों को भूकंप के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।












