-बन्दरा में बनेगा आधुनिक प्रखंड सह अंचल कार्यालय
-25 करोड़ से अधिक की लागत से बदलेगी प्रशासनिक व्यवस्था
-कार्यारम्भ से लोगों में बढ़ी आशाएं
मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक। जिले के बन्दरा प्रखंड मुख्यालय परिसर में नए और अत्याधुनिक प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं आवासीय भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग (बीसीडी) द्वारा इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए आधिकारिक टेंडर और अनुबंध जारी कर दिया गया है।जिसके बाद निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इस परियोजना पर 25 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परियोजना के तहत प्रशासनिक भवन निर्माण के साथ पूर्ण विद्युतीकरण तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। निर्माण कार्य शुरू करने के लिए बन्दरा प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित पुराने एवं जर्जर सभागार भवन को हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है। निर्माण स्थल को खाली कराया जा रहा है, ताकि निर्धारित समय के भीतर नए भवन का निर्माण प्रारंभ हो सके।
बताया जाता है कि पिछले महीने निरीक्षण के दौरान मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद निर्माण प्रक्रिया में तेजी आई और अब बहुमंजिला प्रशासनिक सह आवासीय परिसर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। प्रारंभिक स्तर पर कार्य की शुरुआत भी कर दी गई है।

नए प्रशासनिक परिसर के निर्माण से आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। बीडीओ, सीओ समेत अन्य महत्वपूर्ण विभागों की सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन प्रशासनिक कार्यों में दक्षता, पारदर्शिता और सुगमता बढ़ाने में सहायक होगा। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण भी उपलब्ध हो सकेगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि आधुनिक प्रशासनिक परिसर बनने से बन्दरा प्रखंड मुख्यालय में सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा तथा आम जनता को त्वरित लाभ मिलेगा।बहरहाल क्षेत्र के प्रशासनिक और आधारभूत विकास की दिशा में इस परियोजना को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।












