-बंजरिया लाइट आरओबी को मिली एनओसी, 6 महीने में पूरा होगा निर्माण : राधा मोहन सिंह
-क्रॉसिंग संख्या-161 पर जाम से मिलेगी राहत, हजारों छात्रों को होगा फायदा_
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण के बंजरिया में प्रस्तावित लाइट रोड ओवर ब्रिज यानी लाइट आरओबी के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। पथ निर्माण विभाग, बिहार के मुख्यच अभियंता उत्तर कार्यालय ने 9 जुलाई 2026 को परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र एनओसी जारी कर दी है।
गुरुवार को सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह ने बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के उत्तर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या-161 का स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली।
सांसद राधा मोहन सिंह ने बताया कि बापूधाम मोतिहारी–सेमरा रेलखंड के किमी 166/6-7 पर स्थित क्रॉसिंग नंबर-161 मुंशी सिंह कॉलेज के दूसरे गेट के सामने है। रेलवे ने यहां लाइट आरओबी बनाने की स्वीकृति बहुत पहले ही दे दी थी। लेकिन बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण काम रुका हुआ था।

उन्होंने कहा “लगभग 20 दिन पहले बिहार सरकार ने एनओसी देने का निर्णय लिया था। अब विभाग ने पत्र जारी कर दिया है। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया है और लगभग 6 महीने में इसे पूरा कर लिया जाएगा।”
-हजारों लोगों को मिलेगी जाम से मुक्ति
सांसद ने कहा कि इस लाइट आरओबी के बनने से मुंशी सिंह कॉलेज सहित आसपास के हजारों विद्यार्थियों और शहर की बड़ी आबादी को रोजाना लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी। लोगों का आवागमन अब सुरक्षित, सुगम और निर्बाध होगा।
मुख्य अभियंता उत्तर के पत्र में कहा गया है कि रेलवे द्वारा स्वीकृत जीएडी के आधार पर एनओसी दी गई है। निर्माण के दौरान सभी निर्धारित शर्तों का पालन सुनिश्चित करना होगा।
इस आरओबी के बनने से बंजरिया क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।













