Advertisement

एसबीआई अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने उड़ाए 3.43 लाख रुपये, क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करने का दिखाया डर

-एसबीआई अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने उड़ाए 3.43 लाख रुपये, क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करने का दिखाया डर

मुजफ्फरपुर। जिले में साइबर अपराधियों का जाल लगातार फैलता जा रहा है। ताजा मामला कांटी थाना क्षेत्र का है, जहां एसबीआई क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने और हेल्थ इंश्योरेंस शुल्क कटने का डर दिखाकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 3 लाख 43 हजार 370 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, कांटी थाना क्षेत्र के बंगरा चौपान निवासी शंकर ठाकुर के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई क्रेडिट कार्ड कार्यालय का कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताया। उसने कहा कि उनका क्रेडिट कार्ड ब्लॉक होने वाला है और हेल्थ इंश्योरेंस शुल्क से संबंधित समस्या का समाधान कराने के नाम पर उन्हें झांसे में लिया।
ठग ने बातचीत के दौरान विभिन्न प्रक्रियाओं का हवाला देकर पीड़ित से बैंकिंग संबंधी जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से 3 लाख 43 हजार 370 रुपये निकाल लिए गए। जब खाते से रुपये कटने का संदेश मिला, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
घटना के बाद शंकर ठाकुर ने साइबर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर अपराधियों की पहचान और रकम की बरामदगी के लिए जांच शुरू कर दी है।
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक, क्रेडिट कार्ड या ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन और अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। बैंक या किसी भी वित्तीय संस्था का अधिकारी फोन पर ऐसी जानकारी नहीं मांगता। किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें या निकटतम साइबर थाना से संपर्क करें।