-मुजफ्फरपुर में मछली के साथ अब झींगा और मोती पालन से बढ़ेगी किसानों की आय, 11 किसानों का चयन
मुजफ्फरपुर। जिले के किसानों के लिए आय बढ़ाने का एक नया रास्ता खुलने जा रहा है। अब किसानों की कमाई सिर्फ मछली पालन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि तालाब और अन्य जल संसाधनों का बेहतर उपयोग कर वे झींगा और मोती पालन से भी अच्छी आमदनी कर सकेंगे। इस दिशा में जिला मत्स्य विभाग ने नई पहल शुरू की है।
योजना के पहले चरण में जिले के 11 किसानों का चयन किया गया है। इनमें सात किसान झींगा पालन और चार किसान मोती पालन करेंगे। चयनित किसानों को आधुनिक तकनीक से उत्पादन करने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे वैज्ञानिक तरीके से इन गतिविधियों को अपनाकर बेहतर लाभ कमा सकें।

मत्स्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, झींगा और मोती पालन की बाजार में अच्छी मांग है। यदि वैज्ञानिक पद्धति से इसका उत्पादन किया जाए तो पारंपरिक मछली पालन की तुलना में किसानों को अधिक आमदनी हो सकती है। इसी उद्देश्य से जिले में इस योजना की शुरुआत की गई है।
योजना के तहत चयनित किसानों को सरकार की ओर से 60 प्रतिशत तक अनुदान भी दिया जाएगा। इससे किसानों पर शुरुआती निवेश का बोझ कम होगा और वे नई तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
जिला मत्स्य विभाग का कहना है कि यदि पहले चरण में यह योजना सफल रहती है तो भविष्य में अधिक किसानों को इससे जोड़ा जाएगा। विभाग का लक्ष्य किसानों की आय में वृद्धि के साथ जिले में मत्स्य आधारित स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करना है।













