Advertisement

मुजफ्फरपुर में भूसे के ढेर से 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

-मुजफ्फरपुर में भूसे के ढेर से 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार

मुजफ्फरपुर। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए उत्पाद विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग की टीम ने बेनीबाद थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए भूसे के ढेर में छिपाकर रखी गई 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि, छापेमारी की भनक लगते ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बेनीबाद थाना क्षेत्र के मोतनाजे गांव में भारी मात्रा में विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही विभाग ने विशेष टीम का गठन कर तड़के छापेमारी की योजना बनाई।
टीम ने मोतनाजे गांव निवासी पप्पू राय के घर और परिसर में अचानक छापेमारी की। तलाशी के दौरान मवेशियों के चारे के गोदाम में रखे भूसे के ढेर के भीतर बड़ी चालाकी से छिपाकर रखी गई 127 कार्टन विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पूरी खेप को जब्त कर विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।


उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि छापेमारी दल के पहुंचने से पहले मुख्य आरोपी पप्पू राय और उसके कुछ सहयोगी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में मुख्य आरोपी पप्पू राय सहित अन्य अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उत्पाद विभाग का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही शराब की इस खेप के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।