-मुजफ्फरपुर जंक्शन पर ड्यूटी के दौरान ट्रैकमैन की संदिग्ध मौत, जीआरपी ने शुरू की जांच
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर रेलवे जंक्शन पर ड्यूटी के दौरान एक ट्रैकमैन-1 की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना 14 जुलाई की देर रात की बताई जा रही है। बुधवार सुबह रेल कर्मी का शव मिलने से रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रेल थाना (जीआरपी) पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान धनश्याम राम (58) के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर के निवासी थे और रेलवे में ट्रैकमैन-1 के पद पर कार्यरत थे। उनकी ड्यूटी मुजफ्फरपुर के कटहीपुल स्थित रेलवे स्टोर की सुरक्षा के लिए शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक नाइट शिफ्ट में लगाई गई थी।

सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एसएसई) माधव कुमार ने इस संबंध में जीआरपी मुजफ्फरपुर को लिखित आवेदन देकर बताया कि 15 जुलाई की सुबह सूचना मिली कि ड्यूटी के दौरान ही ट्रैकमैन धनश्याम राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। मामले में यूडी (अप्राकृतिक मृत्यु) का केस दर्ज किया गया है।
रेल थाना मुजफ्फरपुर के प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। फिलहाल मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर जयप्रकाश को सौंपी गई है, जो सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रेल कर्मी की मौत को संदिग्ध मानते हुए सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।













