Advertisement

बाल श्रम पर बड़ी कार्रवाई, मिठाई दुकान से 3 नाबालिग मुक्त; संचालक पर FIR

-बाल श्रम पर बड़ी कार्रवाई, मिठाई दुकान से 3 नाबालिग मुक्त; संचालक पर FIR

मुजफ्फरपुर। जिले के बंदरा प्रखंड के पियर थाना क्षेत्र स्थित बंदरा चौक पर श्रम प्रवर्तन विभाग और पियर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मिष्ठान भंडार में छापेमारी कर तीन नाबालिग बाल मजदूरों को मुक्त कराया। कार्रवाई के बाद बाल श्रम कानून के उल्लंघन के आरोप में दुकान संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी तान्या श्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बंदरा चौक स्थित मिठाई की दुकान पर छापेमारी की।

जांच के दौरान दुकान में कार्य कर रहे तीन नाबालिग बच्चों को श्रम कराते हुए पाया गया। टीम ने तीनों बच्चों को वहां से सुरक्षित मुक्त कराया।
श्रम प्रवर्तन विभाग ने बताया कि बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर दुकान संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पियर थाना में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में बाल श्रम के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी प्रतिष्ठान में नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने की सूचना मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि बाल श्रम जैसी सामाजिक बुराई की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सके।