-गुप्त सूचना पर बेनीबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 72 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
दीपक कुमार | गायघाट
बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मुजफ्फरपुर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में बेनीबाद थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 72 लीटर विदेशी शराब बरामद की है तथा एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बेनीबाद थाना क्षेत्र के शिवदाहा पंचायत में लंबे समय से अवैध शराब कारोबार की सूचना पुलिस को मिल रही थी। इसी बीच बेनीबाद थाना के अपर थानाध्यक्ष मौर्यन दीपांकर को सूचना मिली कि शिवदाहा इलाके में शराब की खेप उतारी गई है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की योजना बनाई।

पुलिस टीम ने शिवदाहा बरैल गांव में घेराबंदी कर सघन छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 72 लीटर विदेशी शराब बरामद की। वहीं, इस मामले में सुधांशु कुमार उर्फ शेखर मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।












