-अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं और 11वीं में नामांकन शुरू
-3 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
मुजफ्फरपुर। बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से राज्य के अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं और 11वीं में निःशुल्क नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं 3 नवंबर 2026 तक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। नामांकन प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेधा सूची के अनुसार किया जाएगा।
विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य के दरभंगा, किशनगंज, नालंदा, कैमूर, मुजफ्फरपुर, जमुई, कटिहार, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, रोहतास और मुंगेर जिलों में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन विद्यालयों में मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, जैन और पारसी समुदाय के छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते हैं।
नामांकन के लिए निर्धारित आयु सीमा और पारिवारिक वार्षिक आय संबंधी शर्तें भी तय की गई हैं। कक्षा 9वीं में नामांकन के लिए अधिकतम आयु 16 वर्ष और कक्षा 11वीं के लिए अधिकतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए। वहीं, अभ्यर्थी के परिवार की वार्षिक आय छह लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

इन आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा के साथ भोजन, वस्त्र, दवा और पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक पढ़ाई की व्यवस्था है। उच्च माध्यमिक स्तर पर विज्ञान के पीसीएम (PCM), पीसीबी (PCB) और कला (आर्ट्स) विषयों की पढ़ाई की सुविधा भी मिलेगी। इसके अतिरिक्त आधुनिक प्रयोगशालाओं सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
विभागीय कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थी 15 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश पत्र 7 से 10 नवंबर तक डाउनलोड किया जा सकेगा। प्रवेश परीक्षा 12 नवंबर को आयोजित होगी और परिणाम 25 नवंबर को जारी किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 1 से 7 दिसंबर तक होगा, जबकि शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 8 दिसंबर 2026 से निर्धारित है।
आवेदन के लिए विद्यार्थियों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट minority.bihar.gov.in/schoolmis पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। आवेदन के दौरान जाति, आय और आवासीय प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र, फोटोग्राफ, हस्ताक्षर और आयु संबंधी प्रमाण-पत्र की स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां अपलोड करनी होंगी।
नामांकन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी अपने जिले के अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त विभाग की वेबसाइट state.bihar.gov.in/minoritywelfare पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।











