-बंद कमरे से महिला का शव बरामद, लिव-इन पार्टनर फरार
-पुलिस जांच में जुटी
मुजफ्फरपुर। जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के रामबाग चौड़ी मोहल्ले में एक किराये के मकान से महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान वैशाली जिले की रहने वाली ऊषा देवी के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर के एक शॉपिंग मॉल में काम करती थी और पुरानी गुदड़ी निवासी अनिल राम के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच शादी की बातचीत भी चल रही थी। बताया जाता है कि घटना के बाद महिला का शव कमरे के बिस्तर पर कंबल से ढका मिला। मकान के मुख्य ग्रिल में बाहर से ताला लगा हुआ था। महिला के साथ रहने वाला अनिल राम मौके से फरार बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए, ताकि महिला की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने मृतका के भाई और बहन को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने और उनके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस फरार अनिल राम की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल महिला की मौत हत्या है या किसी अन्य कारण से हुई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।











