Advertisement

पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

-पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

मुजफ्फरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की जानकारी सांसद राधा मोहन सिंह ने आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से शुरू होने वाला यह एक माह का अभियान समाज के सभी वर्गों को सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने का प्रयास है।
राधा मोहन सिंह ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के सफर में नरेंद्र मोदी ने सत्ता को हमेशा जनसेवा का माध्यम माना है। उनके नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ देश के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा है और भारत का वैश्विक स्तर पर मान-सम्मान बढ़ा है।


अभियान के दौरान देशभर में विभिन्न रचनात्मक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हर बूथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जाएगा। स्कूलों में ‘सेवा चित्र’ के तहत ड्रॉइंग और भाषण प्रतियोगिताएं तथा ‘सेवा के रंग’ के तहत रंगोली कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा ‘सेवा स्मरण’ संगीत-नाट्य प्रस्तुति और आंगनवाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अभियान के तहत ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के माध्यम से विकास और बदलाव की कहानियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। वहीं पवित्र जल के साथ ‘वडनगर-वाराणसी यात्रा’ भी प्रस्तावित है।
भाजपा नेताओं के अनुसार, अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता आम लोगों के बीच जाकर केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यों में भागीदारी करेंगे। अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को विकास और जनसेवा की मुख्यधारा से जोड़ना है। इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह है।