Advertisement

छठ महापर्व को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन की एडवाइजरी जारी,बच्चों की जेब में नाम-पता और मोबाइल नंबर रखने की अपील

-छठ महापर्व को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन की एडवाइजरी जारी,बच्चों की जेब में नाम-पता और मोबाइल नंबर रखने की अपील

-घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील
-संदिग्ध वस्तु दिखने पर डायल 112 पर दें सूचना -सुरक्षा जांच में सहयोग करने का निर्देश

मुजफ्फरपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं, छठ व्रतियों और आम लोगों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने घाटों पर जाने वाले श्रद्धालुओं से सुरक्षा मानकों का पालन करने और विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों का ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि घर से निकलते समय बच्चों की जेब में उनका नाम, पता और मोबाइल नंबर लिखकर जरूर रखें, ताकि भीड़ में बिछड़ने की स्थिति में उनकी पहचान और परिजनों तक पहुंचने में आसानी हो।

जिला प्रशासन ने अपील की है कि घाटों और पूजा स्थलों पर बच्चों का हाथ कभी नहीं छोड़ें और उन्हें अकेले इधर-उधर न जाने दें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं और न ही उस पर ध्यान दें। श्रद्धालुओं से ज्वलनशील पदार्थ साथ नहीं ले जाने, धूम्रपान और किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने कहा है कि घाटों और सड़कों पर आवागमन के दौरान धीरे-धीरे और कतारबद्ध होकर चलें। किसी भी प्रकार की जल्दबाजी से बचें तथा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। सुरक्षा जांच को श्रद्धालुओं और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए जरूरी बताते हुए प्रशासन ने इसमें पुलिस और प्रतिनियुक्त अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की है।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि यदि किसी श्रद्धालु को कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखाई देती है तो उसे बिल्कुल न छुएं। इसकी सूचना तत्काल डायल 112 या मौके पर तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष अथवा नियंत्रण कक्ष को दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपातकालीन स्थिति की जानकारी प्रशासन को तुरंत देने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन ने आपातकालीन सहायता के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। श्रद्धालु डायल 112, आईसीसीसी स्थित कंट्रोल रूम के नंबर 0621-2100077, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र के नंबर 0621-2212007 और मोबाइल नंबर 8544010249 पर सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र, आपदा प्रबंधन विभाग, बिहार सरकार के हेल्पलाइन नंबर 0612-2294204 और 0612-2294205 तथा आपातकालीन सहायता नंबर 1070 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि छठ महापर्व के दौरान आस्था के साथ अनुशासन और सावधानी भी बनाए रखें। आपकी सतर्कता ही आपकी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।