-चार दिनों से लापता 20 वर्षीय रत्नेश का नहीं मिला सुराग
-पुलिस प्रशासन से युवक की सकुशल बरामदगी के लिए खोजबीन तेज करने की मांग
-परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
समस्तीपुर। पूसा प्रखंड के हरपुर महमदा पंचायत के वार्ड संख्या-9 निवासी 20 वर्षीय रत्नेश कुमार पिछले चार दिनों से लापता हैं। वह 7 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे से लापता हैं। काफी खोजबीन के बावजूद अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। बेटे के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार के लोग उनकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
मामले की जानकारी मिलने पर भाकपा-माले के युवा नेता एवं पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी रौशन कुमार ने रत्नेश कुमार की मां और अन्य परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। परिजनों के अनुसार, रत्नेश की उम्र करीब 20 वर्ष, लंबाई लगभग पांच फीट दो इंच है। लापता होने के समय उन्होंने लाल रंग की शर्ट और काले रंग की जींस पहन रखी थी।

रौशन कुमार ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोजबीन तेज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों और संभावित स्थानों पर जांच-पड़ताल कर युवक की सकुशल बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही आम लोगों से अपील की कि यदि किसी को रत्नेश कुमार के संबंध में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें तो तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा परिजनों को सूचित करें। उन्होंने इस सूचना को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक साझा करने की भी अपील की।
रौशन कुमार ने कहा कि एक युवा के अचानक लापता होने से पूरा परिवार चिंता और परेशानी में है। ऐसे समय में पुलिस प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करते हुए रत्नेश की सकुशल वापसी सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल करनी चाहिए।











