-मैदापुर हाईस्कूल की चहारदीवारी निर्माण का विधायक बेबी कुमारी ने किया शिलान्यास, 12.99 लाख रुपये होंगे खर्च
-मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना से होगा निर्माण -विद्यार्थियों की सुरक्षा और विद्यालय परिसर को व्यवस्थित बनाने में मिलेगी मदद
बोचहां (मुजफ्फरपुर)। बोचहां विधानसभा क्षेत्र में शैक्षणिक आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने की दिशा में विधायक बेबी कुमारी ने एक और पहल की है। गुरुवार, 5 नवंबर को उन्होंने मैदापुर हाईस्कूल में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत 12 लाख 99 हजार 900 रुपये की लागत से बनने वाली विद्यालय की चहारदीवारी निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक बेबी कुमारी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव है। विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। चहारदीवारी का निर्माण होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ विद्यालय परिसर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी। इससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में भी सहूलियत होगी।

उन्होंने कहा कि बोचहां विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक विद्यालय में आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना भी उनकी प्राथमिकता है। विकास योजनाओं को धरातल पर उतारकर आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना उनका संकल्प है।
शिलान्यास कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बसंत लाल सहनी, अनिल यादव, 20 सूत्री उपाध्यक्ष राम इकबाल सिंह, भाजपा नेता धर्मेंद्र चौधरी, मुखिया पंकज चौधरी, संजय मिश्र, रंजीत अकेला, उमेश चौधरी, रघुनाथ चौधरी, बिकाऊ यादव, बबलू राय और संतोष सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
विधायक बेबी कुमारी ने कहा कि बोचहां विधानसभा का सर्वांगीण विकास उनकी जनसेवा की प्रतिबद्धता है। क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।











