Advertisement

अर्धवार्षिक मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों की छुट्टी पर रोक, बीईओ ने जारी किया कार्यालय आदेश

-अर्धवार्षिक मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों की छुट्टी पर रोक, बीईओ ने जारी किया कार्यालय आदेश

बंदरा/मुजफ्फरपुर। आगामी अर्धवार्षिक मूल्यांकन-2026 को देखते हुए बंदरा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी ने प्रखंड क्षेत्र के सभी संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किया है।
जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा के सफल एवं व्यवस्थित संचालन तथा छात्र-छात्राओं के हित को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। परीक्षा अवधि में विद्यालय में कार्यरत सभी संबंधित शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति अनिवार्य होगी।


आदेश में शिक्षकों को परीक्षा संचालन से संबंधित अपने निर्धारित दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अत्यंत विशेष एवं अपरिहार्य परिस्थिति में ही पूर्व स्वीकृति प्राप्त करने के बाद अवकाश देय या मान्य होगा।
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी, बंदरा की ओर से जारी आदेश में इसे अति आवश्यक समझते हुए अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। कार्यालय आदेश का ज्ञापांक 171 है और यह 12 सितंबर 2026 को जारी किया गया है। आदेश की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।